नई दिल्ली, 8 अक्टूबर 2026: त्योहारों के सीजन में हवाई यात्रा करने वालों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। नई दरें शुक्रवार, 9 अक्टूबर से होने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगी।
घरेलू उड़ानों पर कितना लगेगा शुल्क? एयरलाइन के मुताबिक, अब 500 किलोमीटर तक की एकतरफा उड़ान पर ₹400, 501 से 1,000 किलोमीटर पर ₹600 और 1,001 से 1,500 किलोमीटर पर ₹850 फ्यूल सरचार्ज लगेगा। वहीं, 1,500 किलोमीटर से अधिक की उड़ानों पर यह शुल्क ₹1,200 होगा।
विदेश जाने वाले यात्रियों की भी बढ़ेगी लागत अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए भी संशोधित दरें घोषित की गई हैं। उत्तर अमेरिका की उड़ानों पर 215 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप और ब्रिटेन के लिए 135 डॉलर तथा पश्चिम एशिया के लिए 55 डॉलर का एकतरफा फ्यूल सरचार्ज निर्धारित किया गया है।
नई दरें कब से लागू होंगी? एयर इंडिया एक्सप्रेस में 9 अक्टूबर की रात 12 बजे से और एयर इंडिया में उसी दिन सुबह 11 बजे से होने वाली नई बुकिंग पर संशोधित शुल्क लागू होगा। कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) महंगा हुआ है। बढ़ती परिचालन लागत की आंशिक भरपाई के लिए शुल्क में बदलाव किया गया है।
अकासा एयर ने भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की घोषणा की है, जबकि इंडिगो पहले ही अपनी दरों में बदलाव कर चुकी है। ऐसे में त्योहारों के दौरान हवाई यात्रा का खर्च बढ़ सकता है।

