सच्ची खबरें • मज़बूत भारत
लाइव टीवी

बंगाल के बाद दिल्ली में भी ममता की पार्टी को झटका, दो कमेटियों की छिनी अध्यक्षता

टीएमसी से दो प्रमुख संसदीय समितियों की अध्यक्षता छिन गई, भाजपा और डीएमके को मिली नई जिम्मेदारियां।

झटपट समझें

ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी से दो प्रमुख संसदीय समितियों की अध्यक्षता छीन ली गई है, जिसमें वाणिज्य संबंधी समिति और रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति शामिल हैं। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कई संसदीय स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया है।

मुख्य बातें

  • टीएमसी की डोला सेन की जगह भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी को वाणिज्य संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
  • कीर्ति आजाद की जगह काकोली घोष दस्तीदार को रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है।
  • डीएमके को उद्योग संबंधी समिति और खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी समिति की अध्यक्षता मिली है।
  • कांग्रेस सांसद शशि थरूर को विदेश मामलों संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है।
  • भाजपा के अनुराग ठाकुर को कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है।
  • भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह को रक्षा संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
एक महिला रुमाल से अपना चेहरा पोंछ रही है।
संसदीय स्थायी समितियों के पुनर्गठन से टीएमसी को दो प्रमुख अध्यक्ष पद गंवाने पड़े हैं।

पश्चिम बंगाल में चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी के लिए झटके लगने का सिलसिला थम नहीं रहा। पहले तो उनकी पार्टी के कई सांसद और विधायक टूट गए। वहीं, शनिवार को टीएमसी से दो प्रमुख संसदीय समितियों की अध्यक्षता छिन गई। बता दें कि राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कई संसदीय स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया है। इसमें वाणिज्य संबंधी संसदीय समिति में टीएमसी की डोला सेन की जगह भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, ममता की पार्टी के कीर्ति आजाद की जगह बागी धड़े की नेता काकोली घोष दस्तीदार को रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है।

डीएमके को दो कमेटियां नई जिम्मेदारियों के तहत द्रमुक को दो समितियों की अध्यक्षता मिली है। पार्टी के सांसद तिरुचि शिवा को उद्योग संबंधी समिति और के. कनिमोझी को खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है। भाजपा के प्रमुख सहयोगी दलों जनता दल-यू, शिवसेना और तेलुगु देशम पार्टी के नेताओं को भी विभिन्न संसदीय समितियों के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है।

शशि थरूर पर भी मेहरबानी कांग्रेस सांसद शशि थरूर को विदेश मामलों तथा चरणजीत सिंह चन्नी को कृषि संबंधी समितियों के अध्यक्ष पद पर फिर नियुक्त किया गया है। पार्टी नेता मुकुल वासनिक को शिक्षा, महिला, बाल एवं युवा मामलों संबंधी समिति तथा समाजवादी पार्टी के राम गोपाल वर्मा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी समिति का अध्यक्ष बरकरार रखा गया है।

भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह को रक्षा संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है जबकि जनता दल-यू के सांसद संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी समिति तथा शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे को ऊर्जा संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर फिर नियुक्त किया गया है। भाजपा सांसद सुजीत कुमार ने पार्टी के ही बृज लाल का स्थान लेते हुए कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय संबंधी समिति की अध्यक्षता संभाली है।

भाजपा नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी समिति तथा राजीव प्रताप रूडी को जल संसाधन संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है। भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब वित्त संबंधी समिति और राधा मोहन दास अग्रवाल गृह मामलों संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। भाजपा के निशिकांत दुबे को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी समिति तथा मेधा विश्राम कुलकर्णी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी समिति का अध्यक्ष बरकरार रखा गया है।

भाजपा के सुधीर गुप्ता ने पार्टी के ही सी. एम. रमेश का स्थान लेते हुए रेलवे संबंधी समिति की अध्यक्षता संभाली है। कांग्रेस के सप्तगिरि शंकर उलाका को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है।

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook