गुजरात में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी (आप) को एक बड़ा झटका लगा है। गुजरात की राजधानी गांधीनगर में हुए ताजा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी को डबल झटका लगा है। गांधीनगर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (जीएमसी) की 44 सीटों पर हुए चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ना सिर्फ खाता खोलने में नाकाम रही, बल्कि उसका वोट शेयर भी पिछले चुनाव के मुकाबले बहुत नीचे आ गया। भाजपा ने 44 में से 38 सीटों पर जीत हासिल करके अपना कब्जा बरकरार रखा तो कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है।
जीएमसी के नतीजे जब मंगलवार को जारी हुए तो भाजपा के लिए इसमें कई खुशखबरी थी तो कांग्रेस और आप के लिए एक बार फिर नतीजे निराशाजनक रहे। कांग्रेस को इस बात की संतुष्टि हो सकती है कि उसने वोट शेयर में कुछ इजाफा किया है, लेकिन 'आप' जहां इस बार खाता नहीं खोल पाई तो वहीं अपना वोट बेस भी गंवा बैठी। हालांकि, भाजपा को भी पिछले चुनाव के मुकाबले तीन सीटें कम मिली हैं, लेकिन भगवा दल के लिए अधिक खुशी की बात यह होगी कि उसके वोट शेयर में 10 फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ है।
AAP का 2021 में बेहतर था प्रदर्शन
गुजरात में अपने लिए जमीन तलाश रही 'आप' के लिए जीएमसी का 2021 का चुनाव अच्छा रहा था। उस दौरान भले ही पार्टी एक ही सीट जीत पाई थी, लेकिन इसके उम्मीदवारों ने 21.77 फीसदी वोट हासिल किए थे। इस बार पार्टी जहां एक भी सीट नहीं जीत सकी तो उसे महज 4.37 फीसदी वोट ही मिले। पार्टी को पूरे शहर में महज 23,894 लोगों ने वोट किया। जीएमसी के नतीजे पर गुजरात में आप के संगठन महासचिव मनोज सोराठिया ने कहा, 'हम गांधीनगर की जनता के जनादेश को पूरे दिल से स्वीकार करते हैं। हम संगठन की कमियों को दूर करेंगे, आने वाले समय में AAP को और मजबूत करेंगे और गुजरात में एक मजबूत विपक्ष के तौर पर जनता की आवाज उठाते रहेंगे।'
भाजपा और कांग्रेस का वोटर शेयर बढ़ा
आप' की कमजोरी का फायदा भाजपा और कांग्रेस को मिला। भाजपा को 56.46 फीसदी वोट मिले जबकि 2021 में इसे 46.49 फीसदी वोटर्स ने पसंद किया था। वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर भी पिछले बार के 28.02 फीसदी से बढ़कर 36.93 फीसदी तक पहुंच गया। इस बार एक सीट निर्दलीय को मिली है जबकि कुल 1.75 फीसदी वोट उनके हिस्से गए। बहुजन समाज पार्टी को 0.16 फीसदी मत ही मिले।
द्वारका में एक सीट पर AAP को मिली जीत
'आप' ने देवभूमि द्वारका जिले की भड़थर जिला पंचायत सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की। आप ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए बीजेपी के अहंकार को किसानों का जवाब बताया है। गोपाल इटालिया ने कहा, 'द्वारका के भडथर जिला पंचायत उपचुनाव में AAP उम्मीदवार विरूभाई कंडोरिया की 3,500 से ज़्यादा वोटों की भारी बढ़त के साथ हुई ऐतिहासिक जीत पर गुजरात के सभी किसानों को बहुत-बहुत बधाई!यह एकजुट किसानों की ओर से BJP के सत्ता के अहंकार का करारा जवाब है। अगर BJP सरकार नहीं जागी और तुरंत सूखा घोषित नहीं किया, तो भडथर में जो हुआ, वही 2027 के विधानसभा चुनावों में पूरे गुजरात में दोहराया जाएगा।'

