सच्ची खबरें • मज़बूत भारत

उत्तराखंड CM धामी हल्द्वानी में सड़क निरीक्षण के दौरान गिरे, वीडियो वायरल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 25 अक्तूबर को अमृतपुर बाईपास परियोजना का जायजा लेने पहुंचे थे।

एक व्यक्ति एक ढलान पर एक अन्य व्यक्ति को ऊपर खींच रहा है, जबकि अन्य लोग देख रहे हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी में अमृतपुर बाईपास परियोजना का निरीक्षण करते हुए।
मुख्य बातें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 25 अक्तूबर को हल्द्वानी में अमृतपुर बाईपास परियोजना के निरीक्षण के दौरान सड़क पर फिसलकर गिर गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को बाईपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

  • मुख्यमंत्री धामी 25 अक्तूबर को अमृतपुर बाईपास परियोजना का निरीक्षण कर रहे थे।
  • निरीक्षण के दौरान कच्ची और पथरीली सड़क पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर गए।
  • इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
  • मुख्यमंत्री ने बाईपास निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
  • अमृतपुर बाईपास का उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करना है।
  • उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी में निर्माणाधीनसड़क का निरीक्षण करने के दौरान अचानक फिसलकर गिर गए। घटना 25 अक्तूबर को अमृतपुर बाईपास परियोजना के निरीक्षण के दौरान की बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क का हिस्सा अभी कच्चा और पथरीला है। वहां जमीन ऊबड़-खाबड़ होने और पत्थर बिखरे होने के कारण मुख्यमंत्री का संतुलन बिगड़ गया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन सीजन एवं वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम से आमजन एवं पर्यटकों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बायपास निर्माण के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और इसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके।

वायरल हो रहा धामी का वीडियो

मुख्यमंत्री धामी अमृतपुर बाईपास परियोजना के काम का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान सड़क का एक हिस्सा अभी कच्चा था। वहां जमीन ऊबड़-खाबड़ थी और पत्थर भी बिखरे हुए थे। इसी रास्ते पर चलते समय मुख्यमंत्री अचानक लड़खड़ा गए और नीचे गिर पड़े। हालांकि हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सरकार का लक्ष्य अमृतपुर बाईपास परियोजना का उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र में कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करना है। खासकर पर्यटन सीजन में इस मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यह परियोजना अहम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य के दौरान रोड कटिंग से संबंधित सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के साथ ही उसकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए पर्यटकों की संख्या बढ़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। पर्यटकों का बढ़ना हमारे लिए अच्छी बात है। पर्यटक हमारे राज्य में आ रहे हैं, यह हर्ष का विषय है लेकिन इसके साथ ही यह यातायात के लिए चुनौतीपूर्ण भी है। इसी को देखते हुए सरकार सड़क व्यवस्था को बेहतर कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अमृतपुर बायपास का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रकाशित: सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 | 5:44 PM IST

यह खबर शेयर करें

WhatsAppFacebookXTelegram