पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता के बाबूघाट में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लिया। शहर के एक पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की जान जाने के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इसके लिए 18 आईपीएस अफसरों को तैनात कर दिया है। मुख्यमंत्री जब तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे तो उन्होंने देवी की प्रतिमा को छूने को लेकर बड़ा बयान दिया।
शुभएंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि हुगली नदी में विसर्जन के दौरान केवल सनातन धर्म को मानने वालों को ही दुर्गा प्रतिमाओं को छूने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा, "मैंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया है कि हुगली नदी में प्रतिमाओं को ले जाने वालों की पहचान रखी जाए। जो लोग सनातन धर्म को मानते हैं, वे ही प्रतिमाओं को छुएंगे। इसमें कोई सांप्रदायिक मामला नहीं है।"
शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद और कोलकाता नगर आयुक्त स्मिता पांडे के साथ बाबूघाट पर तैयारियों का जायजा लिया। विजयादशमी के दिन विसर्जन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा, "अतिरिक्त सावधानियां बरती गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। NDRF को भी शामिल किया गया है। विसर्जन पूरा होने के बाद साफ-सफाई का काम किया जाएगा।"
18 IPS की तैनाती
महाप्तमी की शाम चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन की निगरानी के लिए कुल 18 IPS अधिकारियों को तैनात किया गया है। इन 18 अधिकारियों में से 12 को कोलकाता में तैनात किया गया है, जबकि 6 अधिकारी हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर में देखरेख करेंगे। उन्होंने बताया कि ये अधिकारी बुधवार से 24 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे और हर अधिकारी के लिए अलग-अलग ड्यूटी शेड्यूल तैयार किया गया है।
कोलकाता में कौन-कौन से अधिकारी? कोलकाता में गौरव शर्मा, सोमा दास मित्रा, राशिद मुनीर खान, आकाश मघारिया, सुरेश कुमार चदिवे और धृतिमान सरकार 21 और 23 अक्टूबर को विसर्जन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। प्रवीण कुमार त्रिपाठी, इमरान वहाब, शिश राम झाझरिया, सौम्या रॉय, पारिजात विश्वास और सिद्धार्थ धपोला 22 और 24 अक्टूबर को शहर में ड्यूटी पर रहेंगे। हावड़ा में इंद्र चक्रवर्ती 21 और 23 अक्टूबर को विसर्जन की देखरेख करेंगे, जबकि अवुरू रवींद्रनाथ 22 और 24 अक्टूबर को इस प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
अधिकारी ने आगे बताया कि बैरकपुर में पलाश चंद्र ढाली और द्युतिमान भट्टाचार्य को तैनात किया गया है, जबकि चंदननगर में अभिजीत बनर्जी और संदीप मंडल विसर्जन प्रक्रिया की देखरेख करेंगे।
प्रकाशित: बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 | 1:37 PM IST

