Air India विमान में बुधवार को हाईजैक की धमकी भरा नोट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इसके मिलते ही विमान को एयरपोर्ट पर ही अलग किया गया। राहत की बात है कि मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने प्लेन की जांच शुरू कर दी है। खबर है कि फ्लाइट पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से मुंबई जा रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार सुबह कोलकाता से मुंबई जा रही फ्लाइट को अचानक आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया था। दरअसल, सुरक्षा को लेकर हुए एक अलर्ट के बाद यह कदम उठाया गया था। खबर है कि विमान में एक नोट मिला था। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर हैं और SOP यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर लागू कर दी गईं हैं।
नोट मिलने से हड़कंप
समाचार एजेंसी आईएएनएस ने मुंबई पुलि के सूत्रों के हवाले से बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टेक ऑफ के लिए तैयार विमान में एक धमकी भरा नोट मिला था। कथित तौर से नोट में हाईजैक को लेकर चेतावनी दी गई थी। उड़ान से पहले ही पायलट ने ATC यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दे दी थी। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
कोलकाता एयरपोर्ट डायरेक्टर विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि एक धमकी भरा नोट मिला था, जिसमें कहा गया था कि प्लेन सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर हाईजैक हो जाएगा। नोट फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले वॉशरूम में मिला था। उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान में मौजूद सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया और बाद में बे ले जाया गया।
दिल्ली आ रहे विमान को मिली थी धमकी
पीटीआई भाषा के अनुसार, अक्टूबर में एअर इंडिया के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे यात्री विमान में हाईजैक अलर्ट की खबर सामने आई थी। बाद में विमान को डायवर्ट कर जयपुर एयरपोर्ट भेजा गया था। अधिकारियों के अनुसार 'हाईजैक' का अलर्ट 'झूठा' निकला और पूरी सुरक्षा जांच के बाद यह उड़ान यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
एजेंसी को सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या एआई 2030 वाला बोइंग 787-9 विमान जयपुर में आपात स्थिति में उतरा और सुरक्षा जांच के लिए उसे 'आइसोलेशन बे' में ले जाया गया। विमान में 293 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।
सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल ने एजेंसी को बताया था कि हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुलिस को बम की धमकी के बाद फ्रैंकफर्ट-दिल्ली उड़ान को आपात स्थिति में उतारे जाने की जानकारी दी थी।
सूत्रों ने कहा, 'विमान यहां सुबह करीब 9.35 बजे उतरा। विमान को जांच के लिए 10 मिनट के भीतर आइसोलेशन बे में ले जाया गया।'
हाईजैक का अलर्ट कोड भेजा
एजेंसी के सूत्रों के अनुसार जब विमान मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्र में था तब पायलट ने 'स्क्वाक कोड 7500' दबाया जो गैर-कानूनी दखल का संकेत देता है। सूत्रों ने बताया, 'जानकारी मिली कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कोड 7500 सक्रिय हुआ था और विमान के अपहरण की कोई वास्तविक धमकी नहीं थी।'
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, 'संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने आवश्यक जांच की और विमान तथा चालक दल को उड़ान के लिए मंजूरी दे दी। सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया, उनकी सुरक्षा जांच की गई और इसके बाद वे दोबारा विमान में सवार हो गए।'
एक सूत्र ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद विमान को उड़ान संचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। उसी चालक दल के साथ संचालित यह विमान दोपहर करीब 3.10 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा था।
प्रकाशित: बुधवार, 11 नवंबर 2026 | 2:09 PM IST

