बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी, सपा नेता अनिल यादव सहित कई नेताओं ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ले ली। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। अरविंद कुमार चौधरी साल-2009 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए थे। उस चुनाव में उन्होंने सपा के उम्मीदवार रहे राजकिशोर सिंह को हराया था। अरविंद, बस्ती से सपा के सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे हैं। रामप्रसाद चौधरी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार रहे हरीश द्विवेदी को हराया था।
अरविंद कुमार चौधरी की भाजपा में ज्वाइनिंग को समाजवादी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में कुर्मी वोटरों को अपने पाले में करने के लिए राजनीतिक दलों में होड़ मची है। ऐसे में बस्ती से सपा के सांसद और बड़े कुर्मी नेता माने जाने वाले राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी को भाजपा में शामिल कराना पार्टी के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।
2024 के नुकसान की भरपाई का गुणा-गणित बिठा रही भाजपा
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कई ऐसी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था जिन पर कुर्मी वोटरों की बहुलता है। माना जाता है कि यूपी में यादवों के बाद कुर्मी समाज की ओबीसी में सबसे बड़ी आबादी है। प्रदेश की 50 से 60 सीटों पर कुर्मी वोटरों का अच्छा-खासा प्रभाव माना जाता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, बस्ती, सिद्धार्थनगर समेत कई विधानसभा क्षेत्र इनमें शामिल हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्वी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर हुई जीत को कुर्मी वोटरों के उसके पाले में जाने का परिणाम भी बताया जाता है। ऐसे में भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले सपा सांसद के घर में यह सेंधमारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
2009 से 2014 तक सांसद रह चुके हैं अरविंद
अरविंद कुमार चौधरी, सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे होने के साथ ही कुर्मी समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। वह 2009 से 2014 तक बस्ती से बसपा के सांसद रह चुके हैं। अरविंद चौधरी की बस्ती के अलावा गोरखपुर, देवीपाटन और अयोध्या मंडल में कुर्मी वोटरों के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है। अब उनके भाजपा के पाले में जाने से आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी को नुकसान हो सकता है।
विधानसभा चुनाव में उतार सकती है भाजपा
चर्चा है कि अरविंद चौधरी भाजपा के टिकट पर बस्ती की कप्तानगंज विधानसभा सीट से ताल ठोंक सकते हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में पार्टी या अरविंद चौधरी की ओर से कोई पुष्टि या दावा सामने नहीं आया है।
प्रकाशित: बुधवार, 11 नवंबर 2026 | 2:22 PM IST

