समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की तारीख भले ही उनके एक नेता ने बता दी है लेकिन इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। बुधवार को जब अयोध्या जाने के का सवाल हुआ तो अखिलेश यादव ने चुप्पी साध ली। सपा प्रमुख ने इतना कहा कि भगवान सबके हैं। किसी भी मंदिर जाएंगे। केदारेश्वर भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद भी है। अपने दोनों चाचा का नाम लेते हुए कहा कि हमारे घर में शिव और राम दोनों पहले से हैं।
लखनऊ में मीडिया से बात कर रहे अखिलेश यादव से जब 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे पर जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया। कहा कि भगवान सबके हैं। भगवान को याद करने के अलग अलग धर्म में अलग अलग तरीके और रास्ते हैं । कही भीं क्यों नहीं जाएंगे। केदारेश्वर भी जाएंगे और मथुरा भी जाएंगे। पहले भी जाते रहे हैं, फिर से जाएंगे। केदारेश्वर जाने के बाद आगे भी दर्शन करेंगे। पीडीए यानी पहले दर्शन फिर आशीर्वाद भी है। इस दौरान अखिलेश ने एक बार भी अयोध्या का नाम नहीं लिया।
अखिलेश ने कहा कि हमारे घर में शिव (शिवपाल यादव) और राम (रामगोपाल यादव) दोनों पहले से ही हैं। हमें तो पहले से ही राम का आशीर्वाद मिल रहा है। अयोध्या के अपने सांसद अवधेश प्रसाद और नेता पवन पांडेय का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे पास तो अवधेश जी और पवन पहले से हैं तो कैसा घबराना? जिस तरह से लूट हुई है, उसका जवाब देना चाहिए।
अयोध्या सीट से सपा प्रत्याशी पवन पांडेय ने ही एक चैनल के कार्यक्रम में अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या आकर राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन की बात कही थी।अयोध्या में दीपोत्सव के बाद दीयों से तेल ले रही गरीब महिलाओं की पिटाई पर एक बार फिर कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों को तेल के साथ ही घी भी दिया जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि जिस तरह से बुंदेलखंड पैकेज में तेल और घी उपलब्ध कराया था, उसी तरह भविष्य में समाजवादी सरकार बनेगी तो गरीबों को तेल और घी उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा। गरीब भी तो पौष्टिक खाना खाएं। आखिर उन्हें क्या खाना दिया जा रहा है। अखिलेश ने दो दिन पहले ही कहा था कि सरकार बनने पर अयोध्या में हुए घोटालों की जांच करेंगे। चाहे भाजपाई हों या कोई अधिकारी, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। इसके साथ ही कहा था कि बाहरी ठेकेदारों को अयोध्या से भगाया जाएगा।
प्रकाशित: बुधवार, 11 नवंबर 2026 | 2:18 PM IST

