तिरुवनंतपुरम: केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में तबाही मचाई है। रविवार देर रात तक अलग-अलग वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका के बीच खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
इडुक्की जिले के वट्टावडा स्थित कोट्टाकम्बूर में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान भूस्खलन से एक शेड मिट्टी और मलबे में दब गया। घटना के समय तीन लोग बारिश से बचने के लिए उसके अंदर मौजूद थे। हादसे में बालाकृष्णन और चिन्नू की मौत हो गई, जबकि एक महिला को घायल अवस्था में बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरी गंभीर घटना मलप्पुरम जिले के नीलांबुर क्षेत्र में हुई, जहां चोक्काड नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद आई फ्लैश फ्लड में लोग बह गए। रविवार रात तक यहां एक महिला और दो पुरुषों के शव बरामद किए जा चुके थे। एंटोनिक्काड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद इस घटना में मृतकों की संख्या तीन हो गई।
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक पुक्कोट्टुम्पाडम की टीके कॉलोनी के पास शाम करीब पांच बजे पानी अचानक बढ़ा। छुट्टी का दिन होने के कारण नदी के आसपास कई पर्यटक मौजूद थे। स्थानीय लोगों और बचावकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर फंसे करीब 27 लोगों को सुरक्षित निकाला, लेकिन कुछ लोगों के बह जाने की आशंका के चलते तलाश जारी रखी गई।
बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में मिट्टी अस्थिर होने से राहत कार्य भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। इडुक्की में दमकल एवं बचाव सेवा, पुलिस और स्थानीय लोग अभियान में शामिल हुए। प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे, निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।

