अमेरिका की भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी के बीच भारत के लिए न्यूजीलैंड से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां न्यूजीलैंड की संसद ने बुधवार को भारत के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते यानी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट(FTA) को लागू करने वाले बिल को मंजूरी दे दी है। इससे FTA लागू होने का रास्ता साफ हो गया है। अब औपचारिक प्रक्रिया के बाद जल्द ही यह समझौता लागू हो जाएगा। इसके साथ ही न्यूजीलैंड में भारतीय उत्पादों को ड्यूटी फ्री एक्सेस मिल जाएगा। वहीं न्यूजीलैंड के उत्पादों पर भी भारत में ना के बराबर टैक्स लिया जाएगा।
खास बात यह है कि न्यूजीलैंड की संसद में इस बिल को सरकार के अलावा विपक्षी दलों का भी सहयोग मिला। इसके बाद संसद में यह बिल 93-29 के बहुमत से पास हुआ। विपक्ष की लेबर पार्टी ने भी भारत से जुड़े इस बिल का समर्थन किया। इससे पहले दोनों देशों के बीच बीते अप्रैल महीने में FTA पर सहमति बनी थी।
क्या बोले न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन? न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ FTA पर संसद की अंतिम मंजूरी मिलने पर इसे ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “लोग मुझसे कहते थे कि भारत के साथ समझौता संभव नहीं है। लेकिन आज यह समझौता संसद से पास हो गया। अब यह सच होने जा रहा है।” लक्सन ने आगे इस समझौते को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा, "यह समझौता न्यूजीलैंड में रोजगार और लोगों की आय बढ़ाएगा। साथ ही भारत के 1.4 अरब लोगों के बाजार के दरवाजे न्यूजीलैंड के उत्पादों के लिए खुल जाएंगे।"
पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा FTA पर सहमति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते जुलाई में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक यात्रा पर भी पहुंचे थे। यहां दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर मुहर लगी। समझौतों में 4 सालों में संबंधों को विस्तार देने, इंडो पैसिफिक रीजन में सहयोग बढ़ाने और भारतीय नौसेना और न्यूजीलैंड रक्षा बल के बीच सहयोग बढ़ाना शामिल है। इसके अलावा पीएम मोदी और लक्सन की मुलाकात के बाद दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 35,000 करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
FTA जल्द होगा लागू न्यूजीलैंड के ट्रेड मिनिस्टर टॉड मैक्ले ने उम्मीद जताई है कि यह समझौता इसी साल लागू हो सकता है। उनके मुताबिक दोनों देशों में जरूरी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा किए जाने के बाद यह फ्री ट्रेड डील आधिकारिक तौर पर प्रभावी हो जाएगी। इसके बाद न्यूजीलैंड से भारत आने वाले लगभग 95 प्रतिशत सामानों पर कस्टम ड्यूटी या तो खत्म हो जाएगी या बेहद कम हो जाएगी। वहीं आधे से ज्यादा उत्पाद लागू होने के पहले ही दिन से पूरी तरह ड्यूटी-फ्री हो जाएंगे।
भारत के लिए डील में क्या खास? FTA के तहत भारतीय सामानों को न्यूजीलैंड में ड्यूटी-फ्री एंट्री मिलेगी। यानी न्यूजीलैंड जाने वाले सभी भारतीय सामानों को बिना किसी सीमा शुल्क के प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा न्यूजीलैंड ने अगले 15 सालों में भारत में 20 अरब न्यूजीलैंड डॉलर यानी लगभग 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने पर सहमति जताई है। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

