नई दिल्ली: रेल यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण बदलावों को मंजूरी दी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। बोर्ड ने तीन ट्रेन सेवाओं के संचालन और नौ मौजूदा ट्रेनों के नए स्टॉपेज को मंजूरी दी है। हालांकि यात्रियों को ध्यान रखना चाहिए कि इन बदलावों की शुरुआत की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
सबसे प्रमुख नई सेवा कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच दैनिक रात्रिकालीन ट्रेन होगी। ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर और दिल्ली-NCR को जोड़ेगी। कानपुर से ट्रेन रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी, जबकि वापसी में आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर पहुंचेगी।
करीब 428 किलोमीटर की यात्रा के दौरान इसे फफूंद, इटावा, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में ठहराव दिया जाएगा। खास तौर पर अलीगढ़, इटावा और आसपास के यात्रियों को दिल्ली-NCR तथा कानपुर की ओर रात में यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
महाराष्ट्र में रेलवे बोर्ड ने 11433/11434 पुणे-बीड़ एक्सप्रेस को रोजाना चलाने की मंजूरी दी है। पुणे से ट्रेन रात 10:45 बजे चलकर सुबह 6 बजे बीड़ पहुंचेगी। वापसी में बीड़ से रात 9:30 बजे प्रस्थान कर सुबह 5:20 बजे पुणे पहुंचेगी। रास्ते में उरुली, दौंड कॉर्ड लाइन, श्रीगोंदा रोड, अहिल्यानगर, नारायणडोह, न्यू आष्टी और अमलनेर भंड्याचे जैसे स्टेशन शामिल होंगे।
इसी तरह गुजरात की प्रतापनगर-टांडा रोड MEMU को भी दैनिक सेवा के रूप में मंजूरी मिली है। इसका मार्ग गुजरात से आगे मध्य प्रदेश के अलीराजपुर क्षेत्र को भी जोड़ेगा।
इसके अलावा रेलवे बोर्ड ने नौ मौजूदा ट्रेनों को नए स्टेशनों पर ठहराव देने की मंजूरी दी है। इनमें दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस को मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, बाड़मेर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को सांभर लेक, जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस को मालाखेड़ा और बांद्रा-उदयपुर एक्सप्रेस को कपासन में ठहराव मिलेगा।
बिलासपुर-तिरुपति एक्सप्रेस को नोरला रोड, मुंबई CSMT-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस और पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस को घाटशिला, टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर तथा श्रीगंगानगर-बांद्रा अरावली एक्सप्रेस को गोगामेड़ी में नया ठहराव दिया गया है। AajTak
यात्रियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि रेलवे बोर्ड की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि सभी सेवाएं तत्काल शुरू हो गई हैं। संबंधित रेलवे जोन अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी कर प्रभावी तारीख बताएंगे। इसलिए इन ट्रेनों में यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक timetable और booking availability की जांच करना जरूरी होगा।

